रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल के आवासीय परिसर में नर्स राबिया खातून की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में मंगलवार पिता ने हत्या का आरोप लगाया। पहले मामला आत्महत्या का ही माना जा रहा था।
हल्द्वानी रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल के आवासीय परिसर में नर्स राबिया खातून की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में मंगलवार पिता ने हत्या का आरोप लगाया। पहले मामला आत्महत्या का ही माना जा रहा था। पिता ने कहा कि उनकी बेटी यह कदम नहीं उठा सकती है, उसकी तीन साल पहले ही तो शादी हुई थी। उधर सीओ हल्द्वानी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलित किए।
विज्ञापन
निजी अस्पताल की नर्स राबिया मूल रूप से मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह अपनी डॉक्टर ननद के साथ रहकर यहां काम करती थीं। रविवार की रात जब ननद ड्यूटी से वापस आई तो दरवाजा बंद पाया। धक्का देकर किसी तरह खोला तो सामने राबिया का शव पड़ा था। गले में फंदा था, माना जा रहा था वजन से पंखा का ब्लेड मुड़ गया और राबिया नीचे गिर गईं।
जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने जांच की। मंगलवार को राबिया के पिता ने बेटी के हत्या की आशंका जताई है। उधर सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। कमरे का एक-एक कोना देखा। पंखे की स्थिति देखी। दरवाजा भी देखा। यहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य लिए। कहा कि अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पिता ने आशंका जताई है तो इसकी जांच गहनता से की जाएगी।