हल्द्वानी। कोविड को लेकर राहत भरी खबर है। दो दिनों में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या कम हुई है। 21 जनवरी से कोविड मरीजों की तुलना करें तो 450 से अधिक मरीजों की संख्या कम हुई हैं। जिले में रविवार को 200 मरीज मिले हैं।
जिले में 21 जनवरी को 666 कोविड मरीज मिले थे, जबकि 22 जनवरी को संख्या कम हुई थी। इस दिन 565 कोविड संक्रमित मरीज मिले। रविवार को दो सौ मरीज मिले हैं। कुमाऊं मंडल की बात करें तो अल्मोड़ा में 25, बागेश्वर 101, चंपावत 87, पिथौरागढ़ 157 और ऊधम सिंह नगर में 252 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि जनरल बीसी जोशी कोविड अस्पताल और सुशीला तिवारी अस्पताल में 25 कोविड संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। (माई सिटी रिपोर्टर)
नैनीताल और लालकुआं में 122 कोरोना संक्रमित मिले
नैनीताल/लालकुआं। नैनीताल में रविवार को भी 15 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि सभी कोविड संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इधर, लालकुआं में 44, बिंदुखत्ता में 1, हल्दूचौड़ में 9, मोटाहल्दू में 6 और पाल स्टोन क्रेशर में 47 कोरोना संक्रमित मिले हैं। मोटाहल्दू पीएचसी के प्रभारी डॉ. हरीश चंद्र पांडे ने बताया कि सभी कोरोना संक्रमितों की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है।