नैनीताल। ठंडी सड़क स्थित मां पाषाण देवी मंदिर में भक्त अब बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन भी कर सकेंगे। मंगलवार को यहां बाबा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। साथ ही प्रतिमा को मंदिर के मंडप पर आम भक्तों के दर्शनार्थ रखा गया।
मंदिर के 19वें वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मालपुए का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि मंदिर में सुबह पूजा अर्चना के साथ ही अखंड रामायण का समापन किया गया। इसके बाद बाबाजी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कर पूजन किया गया। हवन के बाद कन्या पूजन और विशाल भंडारा हुआ। विधायक सरिता आर्या ने भी मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पंडित भगवती प्रसाद जोशी, घनश्याम जोशी और अमित डालाकोटी ने पूजा संपन्न कराई। वहां गौरव जोशी, बसंत पांडे, रोहित भट्ट, कैलाश पलड़िया, उदय बिष्ट, अजय भट्ट, कुनाल आदि थे। संवाद