हल्द्वानी। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कमल रावत की जलकर मौत मामले को अभी नौ दिन ही बीते थे कि शनिवार को एक और हादसा हो गया। इस बार दमुवाढूंगा में लो टेंशन लाइन (एलटी लाइन) में काम करते समय बिजली विभाग के ठेका कर्मी को ही करंट लग गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बिजली ठेकेदार गोपाल दत्त के अधीन काम करने वाले भगवानपुर तल्ला निवासी 19 साल का अरविंद कुमार दमुवाढूंगा में एलटी लाइन में काम कर रहा था। अचानक करंट आने से वह झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह बिजली लाइन से चिपक गया और बांस के डंडों की मदद से उसे लाइन से अलग किया गया, जबकि बिजली अधिकारियों के मुताबिक एकाएक कंरट लगने से उसे घबराहट हुई।
करंट लगने के बाद वह लाइन से छूट गया। लाइन से चिपकता तो हालत गंभीर होती। उसे तत्काल भर्ती कराकर प्राथमिक उपचार दिया गया। अरविंद के पिता संतोष कुमार ने कहा कि उनका बेटा लाइन से चिपक गया था। उसे बमुश्किल डंडों की मदद से लाइन से अलग किया गया। लाइन में काम करते समय शटडाउन लिया था लेकिन एकाएक करंट आने से वह घायल हो गया। हालांकि सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पोल से एक व्यक्ति नीचे गिरते दिखाई दे रहा है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
शटडाउन लिया था तो लाइन में कैसे आया करंट
हल्द्वानी। एक और हादसे ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। आज हुए हादसे में भले की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन यह दुर्घटना बिजली विभाग की लापवाही को साफ उजागर करता है। भले ही कर्मचारी इसे निजी लोगों के घरों से आया बैक करंट कह रहे हों लेकिन काम करते हुए बंद बिजली लाइन में करंट आना बड़ी लापरवाही है।
तो हाईटेंशन लाइन का करंट बनी वजह!
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा में एलटी लाइन में काम करते हुए ठेका कर्मी को करंट लगने की वजह हाईटेंशन लाइन भी मानी जा रही है। दबे जुबान कहा जा रहा है कि एलटी लाइन का शटडाउन लिया गया था लेकिन इसी लाइन के पास ही गुजर रही हाईटेशन लाइन से उसे झटका लगा और वह नीचे गिर गया। बिजली विभाग के सूत्रों के मुताबिक हाईटेंशन लाइन से आए झटके की वजह से ठेका कर्मी सदमे में है। देर रात तक कर्मचारी को होश तो था लेकिन उसकी बोलचाल बंद थी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक हाईटेंशन लाइन करीब पांच फीट नीचे तक किसी भी व्यक्ति को चपेट में ले लेती है। यह कर्मचारी हाईटेंशन लाइन के करीब ही काम कर रहा था। जिस वजह से उसे हाईटेंशन लाइन का करंट आया और वह झटके से नीचे गिर गया। उसी वजह से वह अभी भी सदमे में है।
अरविंद कुमार ठेकेदार के अधीन काम करता है। वह एलटी लाइन में काम कर रहा था। शटडाउन लिया गया था। आसपास किसी के इंवर्टर में खराबी के चलते उसने बैक करंट लिया जिस वजह से कर्मचारी को करंट लगा है। करंट कहां से बैंक आया, इसका पता लगाया जाएगा।
- आनंद सिंह खाती, उपखंड अधिकारी, कमलुवागांजा सबस्टेशन।
दमुवाढूंगा में ठेकेदार का आदमी काम कर रहा था। बिजली बंद थी। हाईटेशन लाइन से कोई करंट नहीं आया। इन्वर्टर का करंट बैक आने से झटका लगा है। इस संबंध में मेरी एसडीओ खाती से बात हुई है। हाईटेंशन लाइन से करंट की बात निराधार है।
- अमित कुमार शर्मा, एसई ऊर्जा निगम।