नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र में छात्रावास के छात्र ने वरिष्ठ छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगाया है। युवक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के केनफील्ड छत्रावास में बीएससी प्रथम वर्ष के एक छात्र के परिजनों ने तल्लीताल थाने में शिकायत की है कि एक वरिष्ठ छात्र ने उनके पाल्य को एक घंटे से अधिक समय तक सावधान मुद्रा में सिर झुकाकर खड़ा रहने को कहा। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण जब उसने वरिष्ठ छात्र का कहना नहीं माना तो उसने थप्पड़ मार दिया। वह इसकी शिकायत वार्डन से करने गया तो वरिष्ठ छात्र ने उसको धमकाकर रोक लिया। किसी दूसरे छात्र ने इसकी सूचना उन्हें परिजनों को दी। छात्र के परिजनों ने मामले की जानकारी तल्लीताल पुलिस को दे दी। पुलिस ने छात्रावास में जाकर पूछताछ की तो उनको रैगिंग की जानकारी मिली। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मामले में रैिगंग करने वाले छात्रों की ओर से माफी मांगी गई है। उनको चेतावनी कर छोड़ दिया गया है। भविष्य में इस तरह की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।