प्रभारी वार्डन के भरोशे चल रहा लोहाघाट का डा.भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। जिले के एकमात्र डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय छात्रावास का संचालन कामचलाऊ व्यवस्था के तहत हो रहा है। 48 छात्र संख्या वाले इस छात्रावास की देखरेख के लिए स्थायी वार्डन तक की तैनाती नहीं हो सकी है। यहां सृजित चार में से दो चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के पद भी खाली हैं। 16 कमरों में संचालित इस छात्रावास में 29 छात्र पंजीकृत हैं, जबकि 19 छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई है।
छात्रावास में विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति के छात्रों को प्रवेश दिया जाता है। इनके आवास, भोजन आदि की व्यवस्था सरकारी तौर पर की जाती है। करीब 15 वर्षों से छात्रावास में वार्डन की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग के एडीओ एमडी भट्ट ने निभाई है। करीब छह माह पूर्व एक महिला वार्डन की तैनाती हुई थी, जिनकी अन्यत्र नौकरी लगने से वह यहां से इस्तीफा देकर चली गईं हैं।
पहले छात्रों को 69 रुपये में दो वक्त का भोजन और शाम को हल्का नाश्ता दिया जाता था। छात्रों को खाना खिलाने में निर्धारित राशि से अधिक खर्च आने पर ठेकेदारों ने कई बार असमर्थता जताई है। शासन से अब छात्रों के लिए प्रतिदिन 150 रुपये निर्धारित कर दिए गए हैं। इसमें उन्हें दो वक्त का भोजन, सुबह की चाय, दोपहर में नाश्ता की व्यवस्था दी जा रही है। खाली पदों को भरने के लिए लगातार निदेशालय को पत्र भेजे जा रहे हैं।
- एमडी भट्ट, प्रभारी वार्डन, राजकीय छात्रावास।