नैनीताल जिले में पांच प्रत्याशियों ने भरे पर्चे
हल्द्वानी में समित टिक्कू ने आप और उनकी पत्नी स्मृति टिक्कू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया, रामनगर से भाजपा के दीवान ने भरा पर्चा
कहां से कितने नामांकन
हल्द्वानी 02
लालकुआं 01
रामनगर 01
कालाढूंगी 01
हल्द्वानी। सोमवार को छह विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ पांच प्रत्याशियों ने ही नामांकन दर्ज कराए। नैनीताल, भीमताल विधानसभा क्षेत्र में कोई भी नामांकन नहीं हुए।
हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से एक समित टिक्कू ने आप और उनकी पत्नी स्मृति टिक्कू ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। रामनगर में भाजपा प्रत्याशी दीवान सिंह बिष्ट ने पर्चा भरा। लालकुआं से पूर्व सैनिक कुंदन सिंह मेहता और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र मोहन चंद्र कांडपाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया। टिक्कू दंपती सोमवार करीब 2:50 बजे नामांकन करवाने आरओ कार्यालय पहुंचे। आरओ हल्द्वानी ऋचा सिंह ने बताया कि दोनों ने एक-एक सैट में अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व दोनों ने कैंची धाम, घोड़ाखाल और कालाढूंगी चौराहा स्थित कालू साई मंदिर में पूजा अर्चना की।
मंगलवार को नामांकन में तेजी आएगी। बुधवार को छुट्टी है। इसके बाद नामांकन 27 और 28 जनवरी को ही होंगे।
धीराज गर्ब्याल, जिला निर्वाचन अधिकारी
नाराज इंदर ही बने दीवान के प्रस्तावक
रामनगर। भाजपा प्रत्याशी दीवान सिंह बिष्ट ने सोमवार को दो सेटों में नामांकन दाखिल किया। टिकट वितरण ने मिलने से नाराजगी जताते वाले सांसद प्रतिनिधि इंदर रावत उनके प्रस्तावक बने। दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास कराया है और क्षेत्र की जनता उनके साथ है। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।
भाजपा से नाराज कुंदन ने निर्दलीय ठोकी ताल
लालकुआं। बिंदुखत्ता के वरिष्ठ समाजसेवी और पूर्व सैनिक कुंदन सिंह मेहता ने भाजपा से नाराजगी जताते हुए लालकुआं से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव और गौला नदी में मजबूत तटबंध बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, सुंदर सिंह खनका, रूप सिंह मेहता, नवीन चंद्र जोशी, दिलीप सिंह गडिया, फकीर सिंह पवार आदि थे।