अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता के सोमवार को खेले गए मैच में नार्दर्न रेलवे लखनऊ ने एफसीआई नार्थ जोन नोएडा और महाराष्ट्र ने अमृतसर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। जबकि जालंधर और शाहबाद के बीच खेला गया मैच ड्रा रहा।
जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से डीएसए मैदान में खेले गए मैच में नार्दर्न रेलवे लखनऊ ने एकतरफा मैच में एफसीआई नार्थ जोन नोएडा को 2-1 से हराया। पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 गोल कर बराबरी पर थीं। लखनऊ से 30वें मिनट में सौरभ गुप्ता और नोएडा से 17वें मिनट में नीरज ने गोल दागा। दूसरे हाफ में फिर लखनऊ से 42वें मिनट में विवेक ने गोल किया। दूसरा मैच जालंधर और शाहबाद के बीच हुआ, लेकिन खेल समाप्ति तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इस प्रकार यह मैच ड्रा रहा।
अंतिम मैच में महाराष्ट्र ने अमृतसर को 2-0 से हराया। पहले हाफ में महाराष्ट्र 1-0 से आगे थी। टीम के लिए पहला गोल 18वें मिनट में पृथ्वी ने किया। दूसरे हाफ में 69वें मिनट में मो.अय्यूब ने गोल किया। अंपायर मंजुल प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार और ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह, रोहित साह और तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे। मैच का आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया।