अमर उजाला प्रायोजित 93वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को फाइनल मैच में कॉप्स आफ सिग्नल जालंधर ने एफसीआई नोएडा को 3-1 से हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि संसदीय सचिव और विधायक सरिता आर्या ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी दी।
जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से आयोजित फाइनल मैच में नोएडा और जालंधर की टीमें आमने-सामने थीं। पहले हाफ में जालंधर 2-1 से बढ़त बनाए हुई थी। दूसरे हाफ में जालंधर ने एक ओर गोल कर टीम को 3-1 से अजेय बढ़त दिला दी।
जालंधर की ओर से खेल के 7वें मिनट में घनश्याम, 16वें मिनट में अमनदीप और 45वें मिनट में संदीप ने गोल किया। नोएडा की ओर से खेल के 26वें मिनट में संजय ने गोल किया।
अंपायर विनय कुमार, तारिक मोहम्मद, तकनीकी निदेशक वीपी शर्मा व सीएल साह, अंपायर मैनेजर अविनाश श्रीवास्तव, तकनीकी जज एससी साह व रोहित साह जबकि मैच का आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम जालंधर को 75 हजार रुपये नगद व ट्राफी और उपविजेता नोएडा को 50 हजार रुपये नगद व ट्राफी दी गई।
जालंधर के गोलकीपर पारस को नैनी अवार्ड दिया गया। इसके तहत किशोरी लाल साह के परिजनों ने पारस को साढ़े सात हजार रुपये का नकद पुरस्क ार दिया। शैलेंद्र साह की स्मृति में बेस्ट फारवर्ड का पुरस्कार ढाई हजार रुपये जालंधर के घनश्याम को दिया गया।
बेस्ट हाफ का पुरस्कार नोएडा के आरके शर्मा, बेस्ट डिफेंडर का नार्दर्न रेलवे लखनऊ के अखिलेश, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार नोएडा के जसवीर और फेयर फ्ले ट्राफी एमआरपी तमिलनाडु को दी गई।
इससे पूर्व डीएसए के महासचिव अजय साह और आयोजक सचिव चंद्र लाल साह ने मुख्य अतिथि व अन्य का स्वागत किया।
समारोह में डीएसए के संयुक्त सचिव धीरज बिष्ट, पूर्व महासचिव राजेंद्र सिंह रावत, घनश्याम लाल साह, गंगा प्रसाद साह, अहमद सिद्दीकी, मुन्नी तिवारी, मुकुल साह, त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, गोपाल नयाल, भुवन बिष्ट, दीपक मटियाली, दीवान रौतेला, रोहित साह, अर्जुन सिंह बिष्ट, राजेश बिनवाल, हेमंत बिष्ट, नवीन पांडे आदि मौजूद थे।