नैनीताल। चीना पीक में ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए छात्र अर्नव सिंह का 11 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। जंगल और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तलाश के बाद अब पुलिस ने हल्द्वानी में भी खोजबीन तेज कर दी है। पुलिस काठगोदाम और हल्द्वानी के प्रवेश मार्गों के साथ रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बता दें कि छह नवंबर को नैनीताल की नयना पीक में ट्रैकिंग के दौरान बिहार मूल का छात्र अर्नव सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। तब से ही पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें नयना पीक समेत आसपास के जंगलों में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। सोमवार को भी टीमों ने ट्रेकिंग मार्ग पर चिह्नित गहरी खाइयों और उनके आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में तलाशी अभियान चलाया।
सोशल मीडिया संपर्कों से भी पूछताछ
पुलिस अब तक अर्नव के साथ ट्रैकिंग पर गए उसके तीन दोस्तों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से उसके संपर्क में रहने वाले दोस्तों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने हल्द्वानी की दो युवतियों से भी पूछताछ की है जो सोशल मीडिया पर अर्नव के संपर्क में थीं।
अर्नव की तलाश के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। अब तक उसके लापता होने, खाई में गिरने या उसके साथ कोई अनहोनी होने से संबंधित कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। -डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी