हल्द्वानी। अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसियों ने रविवार को सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत की। हल्द्वानी, नैनीताल, रामनगर और भीमताल में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि इस योजना से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
हल्द्वानी के नैनीताल मार्ग स्थित बुद्धपार्क में सोमवार सुबह 10 बजे बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी सत्याग्रह पर बैठे। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ धोखाधड़ी बताया। महिला नेताओं का कहना था कि कोई मां यह नहीं चाहेगी कि उसका बेटा फौज से चार साल में रिटायर होकर चौकीदारी या गार्ड की नौकरी करे। कहा कि खुद को युवाओं की हमदर्द बताने वाली भाजपा सरकार युवाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखती है। अग्निपथ योजना को लेकर देशभर के युवाओं में हताशा है। इस योजना के जरिये केंद्र सरकार युवाओं को अग्नि में धकेलने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर सरकार देश के युवाओं का भविष्य सुनहरा करना चाहती है और भविष्य में बिगड़ने वाले हालात से बचाने के लिए इस योजना को रद्द करे या फिर उसमें सुधार करे। कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है।
ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद
महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, पीसीसी सदस्य हरीश मेहता, प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत सिंह बगड़वाल, एनबी गुणवंत, प्रदेश महामंत्री महेश शर्मा, प्रदेश सचिव प्रकाश पांडे, सतनाम सिंह ललित जोशी, भोला शंकर जोशी, जगमोहन सिंह चीलवाल, गोविंद सिंह बगड़वाल, संजय किरोला, महेश कांडपाल, नरेश अग्रवाल, शशि वर्मा, नीमा भट्ट, विमला सांगली, रत्ना श्रीवास्तव, निर्मला जोशी, मधु सांगुड़ी, कमला तिवारी, लता पांडे, मयंक भट्ट, हाजी सुहेल सिद्दीकी, राज्य आंदोलनकारी जगमोहन सिंह बगड़वाल, संदीप बांसवाड़ा, हेमंत साहू, बहादुर सिंह बिष्ट, त्रिलोक बनौली, राजेंद्र सुयाल, राजेंद्र बिष्ट, जाकिर हुसैन, हेम पांडे, महेश आनंद, दीप पाठक, युवा जिलाध्यक्ष गजेंद्र गोनिया, मनोज शर्मा, मनीष पांडे, कैलाश शाह आदि थे।