फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसटीएच के सफाईकर्मी ने मारी थी नाजिम को गोली

विज्ञापन
भीमताल में पुलिस की गिरफ्त में चंदादेवी हत्याकांड के आरोपी। अमर उजाला - फोटो : BHIMTAL
विज्ञापन
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल-हल्द्वानी मार्ग परचंदादेवी के पास व्यवसायी नाजिम खान की हत्या के आरोप में पुलिस ने नाजिम की प्रेमिका अमरीन और उसके दूसरे मित्र राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया है। राधेश्याम सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज का संविदा सफाई कर्मचारी है। पुलिस ने शुक्रवार को राधेश्याम की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खाली कारतूस, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद कर ली है।
विज्ञापन

एएसपी राजीव मोहन और सीओ अनुषा बडोला ने शुक्रवार को पत्रकारों के समक्ष नाजिम हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि राधेश्याम ने कबूल किया है कि वह भी हत्यारोपी महिला से प्रेम करता है और उसने उसी के कहने पर नाजिम को गोली मारी थी। गिरफ्तार महिला ने पुलिस को बताया कि उसके नाजिम के साथ करीबी संबंध थे लेकिन नाजिम ने उसकी मर्जी के बगैर एक अन्य युवती से निकाह कर लिया। इसी कारण उसने नाजिम को मारने की योजना बनाई। जब नाजिम उसका नहीं रहा तो वह किसी का भी नहीं हो सकता था।
एएसपी ने बताया कि नाजिम के बड़े भाई वाजिद की तहरीर पर पुलिस ने महिला और उसके साथी कुलयालपुरा निवासी राधेश्याम वाल्मीकि के खिलाफ धारा 302/120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हत्या के बाद अमरीन को हिरासत में ले लिया था। उसी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके साथी राधेश्याम को एसटीएच से गिरफ्तार किया।
विज्ञापन

तिकोनिया से किया था राधेश्याम को फोन
अमरीन ने पुलिस को बताया कि नाजिम खान के साथ भीमताल की तरफ जाने से पहले तिकोनिया पहुंचने पर उसने राधेश्याम को फोन कर चंदादेवी की तरफ आने को कहा था। वह दोपहर एक बजे नाजिम को लेकर वहां पहुंच गई थी। चंदा देवी के पास सुनसान जगह पर बैठकर अमरीन ने नाजिम को बातों में उलझाए रखा। दो बजे के बाद राधेश्याम पुलिस जैसी वर्दी पहनकर चंदादेवी के पास पहुंचा, जहां उसने कुछ वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने को कहा था। बाद में वह नाजिम के पास पहुंचा, यहां आधे घंटे तक दोनों में विवाद होता रहा। बाद में राधेश्याम नाजिम को गोली मारकर फरार हो गया।
मैं मर जाऊंगी या तुझे मार डालूंगी
यदि नहीं मरता को गला रेतने को भी तैयार थी प्रेमिका
हल्द्वानी। इंदिरानगर निवासी व्यवसायी नाजिम अपनी प्रेमिका अमरीन से काफी मेलजोल रखता था। नाजिम ने उससे शादी करने का वादा किया था। अमरीन ने बताया कि वह नाजिम से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसने वादा तोड़कर नवंबर में अन्य युवती से शादी कर ली। उसने पहले ही नाजिम से कहा था कि यदि दोनों की शादी नहीं हुई तो वह जहर खाकर जान दे देगी या उसे मार डालेगी।
वह गर्भपात भी करा चुकी थी। फिर भी नाजिम ने उसके साथ बेवफाई की। शादी होने के बाद नाजिम खान के रुख में काफी बदलाव हो गया। इस पर अमरीन ने नाजिम की दुकान पर हंगामा भी किया था, तब नाजिम ने उसे समझा दिया था। बेवफाई से आहत अमरीन ने तभी से उसे मारने के लिए षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया। अमरीन की राधेश्याम से भी दोस्ती थी। बृहस्पतिवार को षड्यंत्र के तहत नाजिम के साथ वह चंदादेवी में पहुंची। नाजिम की हत्या के बाद उसने नाजिम के बड़े भाई वाजिद उर्फ राजू को फोन पर बताया कि नाजिम का एक्सीडेंट हो गया है। योजना तय थी कि यदि नाजिम बच गया तो प्रेमिका उसका गला रेतकर मार डालेगी। इसी कारण वह घर से चाकू साथ लेकर चंदादेवी गई थी।
नाजिम उठाता था प्रेमिका का खर्च
अमरीन ने बताया कि नाजिम ही उसका खर्च उठाया करता था, लेकिन शादी के बाद उसने मुंह मोड़ लिया था। इस कारण वह नाजिम से नाराज थी। नाजिम ने ब्यूटीशियन के कार्य के लिए भी उसकी मदद की थी।
गोली मारकर आरोपी पहुंचा एसटीएच
आरोपी राधेश्याम ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को नाजिम को गोली मारने के बाद अपनी बाइक से हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचा। वहां से अपना बैग उठाकर घर गया। उसने खून से सने कपड़ों को बदला और नए कपड़े पहने। गिरफ्तार प्रेमिका के टूटने पर पुलिस ने आरोपी राधेश्याम को घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के चार बच्चे हैं। राधेश्याम की पत्नी हल्द्वानी नगर निगम में संविदा पर कार्यरत है।
हत्यारोपी नौकरी से हटाया गया
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार राधेश्याम उपनल के तहत सफाईकर्मी तैनात था। गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर उसे नौकरी से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई की सूचना उपनल के अधिकारियों को लिखित रूप से भेजी गई है।
महिला ने आरोपी को बताया भाई
आरोपी राधेश्याम ने बताया कि वह अमरीन से प्यार करता है। उसके कहने पर वह नाजिम को मौत के घाट उतारने के लिए तैयार हो गया। अमरीन ने राधेश्याम से वादा किया था कि बेटियों की शादी होने के बाद वह उसके साथ रहेगी। इधर, अमरीन पुलिस के समक्ष आरोपी राधेश्याम को अपना मुंह बोला भाई बता रही थी। उसने कहा कि राधेश्याम भाई है और वह उससे प्यार नहीं करती हैं। वह सिर्फ नाजिम से प्यार करती थी। वहीं, आरोपी राधेश्याम ने बताया कि महिला अपने पिता का इलाज कराने एक साल से एसटीएच आ रही थी। इस बीच दोनों की पहचान हो गई। राधेश्याम ने बयान दिया कि वह महिला के घर भी आता-जाता था। इस बीच नाजिम भी उसे परेशान किया करता था। उसने महिला को नाजिम का साथ छोड़ने के लिए कई बार कहा था।
तीन साल पहले एसटीएच से मिला था तमंचा
राधेश्याम ने बताया कि जिस तमंचे से उसने नाजिम को गोली मारी, वह तीन साल पहले एसटीएच में सफाई के दौरान मिला था। इस तमंचे को उसने संभालकर रखा था और बृहस्पतिवार को उसी तमंचे से वारदात को अंजाम दिया। इधर, अन्य सूत्रों का कहना है कि उसने तमंचा बनभूलपुरा से ही खरीदा था।
पकड़े जाने पर पश्चाताप कर रहा था राधेश्याम
राधेश्याम ने बताया कि उसने अमरीन के कहने पर हत्या तो कर दी लेकिन जल्द ही उसे अपनी भूल का अहसास हो गया। वह खुद पुलिस के पास जाने की सोच रहा था। इस वारदात से उसने अपना परिवार बर्बाद कर लिया। अब उसे ऊपर वाला भी माफ नहीं करेगा।
बच्चों को मत बताना
गिरफ्तारी के बाद हत्यारोपी अमरीन ने परिजनों को फोन कर सलाह दी कि उसकी दोनों बेटियाें को इस घटना के बारे में मत बताना, क्योंकि बच्चों के दिमाग पर इस घटना का बुरा असर पड़ेगा।
बृहस्पतिवार शाम 3.15 बजे हुई वारदात
एएसपी राजीव मोहन ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम 3.15 बजे के बाद चंदादेवी के पास एक स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक पटेल चौक पर लेडीज कपड़े और दवा बेचने का काम करता था। एएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह घर से दुकान खोलने के लिए स्कूटी से निकला था, लेकिन शाम 3.45 बजे उसके बड़े भाई वाजिद (राजू) को एक महिला ने फोन कर नाजिम के एक्सीडेंट होने की सूचना दी थी। अस्पताल लाने के बाद वाजिद को पता चला कि उसके भाई की गोली लगने से मौत हुई है। वहीं, मृतक के साथ मौजूद महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने राधेश्याम के साथ घटना को अंजाम देने की पुष्टि की।
अमर उजाला ने पहले ही हत्या के पीछे प्रेमिका का हाथ बता दिया था
बृहस्पतिवार को चंदादेवी में व्यवसायी नाजिम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अमर उजाला ने शुक्रवार को प्रकाशित खबर में ही इसका खुलासा कर दिया था कि प्रेमिका ने ही अपने नजदीकी के साथ इस घटना को अंजाम दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें