हल्द्वानी। युवाओं और युवतियों को शादी से पहले मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से तेरे मेरे सपने की पहल की गई है। यह पहल जोड़ों का सफल वैवाहिक जीवन के लिए मार्गदर्शन करती है।
तेरे मेरे सपने पहल का उद्देश्य युवा जोड़ों को शादी से पहले एक-दूसरे की अपेक्षाओं और जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझना है। जनपद में पिछले महीने से शुरू हुई पहल का लाभ लेने के लिए 12 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें हल्द्वानी शहर के आठ और भीमताल क्षेत्र के चार लोग शामिल हैं।
पहल के तहत शादी से पहले वन स्टॉप सेंटरों में लड़के और लड़की की काउंसलिंग की जाएगी। काउंसलिंग के दौरान युवा और युवती दोनों की बातों को गोपनीय रखा जायेगा। इसके लिए लाभार्थी को सेंटर पर आकर फार्म भरना होगा। इस पहल के चलते भविष्य में वैवाहिक जीवन में छोटी-छोटी बातों के लेकर तलाक, दहेज के लिए प्रताड़ित और घरेलू हिंसा आदि संबंधित शिकायतों के ग्राफ में कमी आएगी। साथ ही इससे पारिवारिक रिश्तों में मजबूती और सामंजस्य स्थापित होगा। संवाद
इस पहल से मिलेगा यह लाभ-
-समाज में नवदंपती का बेहतर समन्वय
-रिश्तों में मजबूत आएगी।
-पारिवारिक भूमिकाओं को समझने में मददगार
-किसी भी बात पर तनाव और चिंता नहीं होगी
तेरे मेरे सपने पहल से घरेलू हिंसा के केसों में कमी आएगी। साथ शादी से पहले काउंसलिंग के दौरान एक दूसरे की विशेषताओं को खुलेपन से जानने का मौका मिलेगा। लोगों को अधिक से अधिक लाभ देने के लिए इसका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। - नीलम नाथ, नोडल वन स्टॉप सेंटर, हल्द्वानी