हल्द्वानी। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए शहर में रविवार को हरिशरणम जन के आह्वान पर दो किमी मानव शृंखला बनाई गई। लोग हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक कर रहे थे। इनमें जन-जन का है ये नारा, नशामुक्त हो हल्द्वानी हमारा आदि नारे युक्त संदेश लिखे थे।
हरिशरणम् जन के प्रमुख स्वामी राम गोविंद दास भाईजी के आह्वान पर कई संस्थाओं से जुड़े लोग सुबह सात बजे कालाढू्ंगी रोड पर इकट्ठा हो गए। मानव शृंखला कालाढूंगी चौराहे से लेकर बनते हुए मुखानी चौराहे तक पहुंच गई। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने शिरकत की। इस मौके पर भाईजी ने कहा कि नशा एक व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है।
शहर से नशे को दूर करने के लिए जन आंदोलन खड़ा करना होगा। हरि शरणम् जन ने बताया कि पूरे नगर में जागरूकता के लिए एक लाख पंफलेट बांटे जाएंगे। चौथे चरण में नुक्कड़ नाटक कराया जाएगा। इस मौके पर वैश्य महिला और युवा सभा, वाल्मीकि संगठन, लक्ष्य, लायंस क्लब, सौहार्द्र जन सेवा समिति, एक मुस्कान, श्री संस्था, एनसीसी, रिद्धम डांस एकेडमी, ई बिट्स एजुकेशन, डिग्री कालेज के छात्र, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, सांस्कृतिक कला एकेडमी, मार्निंग वाकर्स क्लब के सदस्य शामिल रहे।