हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में खामी के चलते छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसमें सबसे बड़ी खामी यह है कि मेरिट सूची में नाम आने के बावजूद दर्जनों छात्रों को स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में कॉलेज में 55 शिकायतें आ चुकी हैं।
एमबीपीजी कॉलेज में इस बार स्नातक प्रथम वर्ष बीए, बीएससी और बीकॉम में ऑनलाइन प्रवेश किए जा रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने मैनेजमेंट इंफारमेशन सिस्टम (एमआईएस) डेवलप किया है। यह ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली कुछ दिनों तक ठीक चली लेकिन अब इसमें कई तरह की खामियां आने लगी हैं। छात्र-छात्राओं की शिकायत है कि उनका नाम पहली मेरिट सूची में आया था लेकिन उनका प्रवेश नहीं हो पा रहा है। परीक्षा प्रभारी डा. नवीन भगत ने बताया पहली मेरिट सूची के विद्यार्थियों को भरोसा दिया गया है कि द्वितीय मेरिट के प्रवेश पूरे होने के बाद उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।