नैनीताल। सप्ताह के अंत (वीकेंड) में नैनीताल आने वाले पर्यटकों से पर्यटन स्थलों में रौनक रही। दूसरी ओर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से पर्यटन कारोबारियों में आगे और सैलानियों के आने से नैनीताल के गुलजार रहने की उम्मीद बढ़ गई है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
शनिवार को नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने नैनीझील में नौका विहार का आनंद लिया। इसके अलावा केबिल कार से स्नोव्यू पहुंचकर वहां से हिमालय के दिलकश नजारे देखे। घुड़सवारी के शौकीन पर्यटकों ने बारापत्थर से टिफिनटाप तक घुड़सवारी की, जबकि प्रकृति के शौकीन पर्यटक हिमालय दर्शन, पंगूट और किलबरी का भ्रमण करते देखे गए। कई पर्यटक शाम को हनुमानगढ़ी स्थित वन विभाग के पार्क पहुंचे, वहां से उन्होंने पहाड़ियों से उठ रहे कोहरे को अपने कैमरे में कैद किया। नैनीताल पहुंचे कई पर्यटक अपने वाहनों और अन्य टैक्सी माध्यमों से गागर, भवाली, मुक्तेश्वर, श्यामखेत स्थित चाय बागान, कैंची धाम, भीमताल, सातताल, घोड़ाखाल, मेहरागांव समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी घूमने पहुंचे।
डीएसए और मैट्रोपोल पार्किंग फुल
शनिवार को दोपहर के बाद नैनीताल में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसके चलते नगर की डीएसए और मैट्रोपोल पार्किंग फुल हो गई। इस दौरान मालरोड समेत अन्य मार्गों में वाहन रेंगते रहे। हालांकि ट्रैफिक पुलिस तत्परता के साथ यातायात सुचारु करती नजर आई।
यह बोले सैलानी
कोरोना संक्रमण की वजह से कई माह बाद घर से निकले है। काफी समय से घर पर ही थे। कोरोना संक्रमण का डर है लेकिन सभी लोग पूरी सुरक्षा के साथ नैनीताल की वादियों में घूम रहे हैं। - दीक्षा बिष्ट, निवासी बरेली, सैलानी।
...
कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी हो रही है। पूरी सुरक्षा के साथ अपने परिवार के साथ नैनीताल आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां पहुंचकर सभी सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। - वरुण सिंह, निवासी दिल्ली सैलानी।
यह बोले पर्यटन कारोबारी
काफी समय बाद नैनीताल में सैलानियों की आमद बढ़ी है। अब जल्द कोरोना संक्रमण खत्म हो जाए और फिर से पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटे यही उम्मीद है। - इकबाल, पर्यटन कारोबारी।
कोरोना संक्रमण के चलते दुकानें बंद थीं और सैलानी नहीं पहुंच रहे थे। अब धीरे धीरे सैलानी नैनीताल पहुंच रहे हैं, जो पर्यटन कारोबार के लिए शुभ संकेत है। - खड़क सिंह पर्यटन कारोबारी।