नैनीताल/हल्द्वानी। स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से मंकीपाक्स संक्रमण को लेकर एडवाइजरी जारी करने के बाद स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। सीएमओ ने विभाग के सभी अधिकारियों को इस नए संक्रमण को लेकर अलर्ट मोड में रहने को कहा है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति में इस संक्रमण के लक्षण मिलें तो उसे आइसोलेट किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कई देशों में मंकीपाक्स संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार की शिकायत है और शरीर में लाल चकत्ते दिखें तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि ऐसे व्यक्ति जिन्होंने बीते 21 दिन में किसी ऐसे देश की यात्रा की है, जहां हाल ही में मंकीपाक्स के मामले मिले हैं या फिर इस बीमारी के संदिग्ध मामलों की पहचान हुई हो वह भी चिकित्सक से अनिवार्य रूप से जांच कराएं।
डॉ. जोशी ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसा कोई भी मामला संज्ञान में आए तो उसे तुरंत आइसोलेट करते हुए इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और आइसोलेशन खत्म होने पर ही मरीज को डिस्चार्ज किया जाए। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में ऐसा एक भी मामला सामने नहीं आया है। दावा किया कि इसके बावजूद स्वास्थ्य महकमा इस नए संक्रमण को लेकर पूरी तरह सचेत है।