हल्द्वानी में रानीबाग मार्ग पर रविवार को जाम में फंसे वाहन। संवाद
हल्द्वानी। सप्ताह के आखिरी दिन नैनीताल से वापस जाने वाले पर्यटकों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। रानीबाग से लेकर नैनीताल तक और रामपुर रोड पर भी कई जगह पर्यटकों को जाम से जूझना पड़ा। हालांकि ट्रैफिक और सिविल पुलिस व्यवस्था को सुचारु करने में लगी रही।
रविवार दोपहर को नैनीताल मार्ग पर रानी बाग से लेकर काठगोदाम तक काफी देर तक वाहनों के पहिये थमे रहे। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्यटन सीजन के चलते हर शुक्रवार से रविवार तक रूट डायवर्जन भी रहता है। इसके बावजूद सड़कों पर राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। इधर, नैनीताल मार्ग पर तो राहगीर जाम में फंसे रहे वहीं देर शाम देवलचौड़ और रामपुर रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पैदल चलने वालों को भी दिक्कतें उठानी पड़ीं। उधर नैनीताल मार्ग पर पुलिस कर्मियों ने एक-एक तरफ के वाहनों को निकालकर जाम की परेशानी से राहत दिलाई। इसी दौरान कई जगहों पर ट्रैफिक और सिविल पुलिस कर्मी तैनात रहे।