भीमताल (नैनीताल)। कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो मंजिल मिल ही जाती है। धारी ब्लॉक के ग्राम गजार निवासी देवेंद्र सिंह बिष्ट का जुनून भी उन्हें ख्याति दिला रहा है। उन्होंने सालों से अपनी बंजर पड़ी जमीन को एक साल के अंदर न सिर्फ आबाद किया बल्कि उसके शानदार परिणाम भी सामने आ गए। देवेंद्र ने बंजर पड़ी एक एकड़ जमीन पर एक हजार सेब के पेड़ लगाए आज एक पेड़ में पांच किलो तक सेब लटक रहे हैं।
देवेंद्र ने उद्यान विभाग की एपल प्लान योजना के तहत 80 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ उठाकर पिछले साल एक एकड़ जमीन पर सेब के एक हजार पेड़ लगाए। देवेंद्र बेहद खुश हैं और इसे मेहनत का फल बता रहे हैं।
गाला और किंगरॉट प्रजाति के सेब लगाए
देवेंद्र ने अपने बगीचे में गाला और किंगरॉट के एक हजार से अधिक सेब के पेड़ लगाए हैं। जो एक साल में ही पांच किलो से अधिक उत्पादन हर पेड़ पर दे रहे हैं।
बाहर की मंडियों और बाजारों में बेचेंगे
देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह बगीचे में लगे सेब को तोड़कर मंडियों और बाजारों में अच्छे दामों में मांग के अनुरूप बेच सकेंगे। उन्होंने बताया कि सेब 100 रुपये किलो से अधिक दामों में बिक सकेगा। देवेंद्र बताते हैं कि जो प्रवासी लौटकर आए हैं और जो पढ़े लिखे युवा स्वरोजगार करना चाहते हैं तो वह गांव में रहकर ही अपनी जमीन पर बागवानी और कृषि कर अपनी आजीविका आसानी से चला सकते हैं। इसके लिए उद्यान विभाग भी सब्सिडी उपलब्ध करा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी भावना जोशी ने बताया कि देवेंद्र सिंह बिष्ट ने एक साल में ही अपनी एक एकड़ जमीन पर सेब का बगीचा लगाकर अच्छा उत्पादन किया है। जोशी ने बताया कि अन्य लोग भी देवेंद्र सिंह से प्रेरित होकर बागवानी और कृषि में आगे आकर विभाग से मिलने वाली योजनाओं और सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं।