रामनगर/मालधन (नैनीताल)। मालधन के गौतमनगर गांव में मामूली बात पर युवक ने ममेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण पति-पत्नी के विवाद में ममेरे भाई की ओर से पत्नी का पक्ष लेना बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 49 वर्षीय भगत सिंह पुत्र बलवीर मालधन के गौतमनगर नंबर 5 का रहने वाला था। उसने दस साल पहले अपनी बुआ के बेटे प्रेमवीर पुत्र राजपाल निवासी मेहतावन ढकिया नंबर 1 बाजपुर की शादी पड़ोस में रहने वाले गंगाराम की बेटी अंकिता से कराई थी। प्रेमवीर की सोमवार की सुबह अपनी पत्नी से अनबन हो गई थी। इसके बाद वह मायके चली आई थी। पत्नी को मनाने के लिए प्रेमवीर भी मालधन पहुंचा तो उसकी ससुरालियों से अनबन हो गई। इस बीच उसका ममेरा भाई भगत सिंह भी मौके पर पहुंच गया। वह प्रेमवीर को अपने घर ले आया और खाना खिलाने के बाद समझाने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। कहासुनी होने के बाद आरोपी चला गया। रात दो बजकर 40 मिनट पर प्रेमवीर अपने दो दोस्तों दिलबाग सिंह उर्फ बग्गा निवासी अनाज मंडी कुंडा, शिवम ठाकुर निवासी मो. किला चौकी बांसफोडन काशीपुर के साथ भगत के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही भगत सिंह ने दरवाजा खोला तो उसने 12 बोर के पौनिया बंदूक से गोली मार दी। परिजन भगत को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को तीनों आरोपियों को पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली।
भगत के बेटे राहुल कुमार की तहरीर पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पौनिया बंदूक 12 बोर, तमंचा 315 बोर और स्विफ्ट डिजायर कार को बरामद किया है।
-प्रीति प्रियदर्शनी, एसएसपी
मां की बात मानते तो जिंदा होते पिता
रामनगर (नैनीताल)। मालधन के गौतमनगर में भगत की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे राहुल कुमार के मन में टीस रह गई कि यदि उसके पिता मां की बात मानकर दरवाजा नहीं खोलते तो शायद आज वह जिंदा होते। बेटे के अनुसार उसके सामने ही पिता को गोली मारी गई।
राहुल कुमार ने बताया कि जब प्रेमवीर विवाद करके चला गया तो हम सभी सोने जा रहे थे। रात दो बजकर 40 मिनट पर जब प्रेमवीर दोबारा आया और दरवाजा खटखटा रहा था। तब मां मालती देवी ने पिता को दरवाजा खोलने से मना किया था। मना करने के बाद भी पिता ने दरवाजा खोल दिया और आरोपी गोली मारकर हत्या कर दी। उसने आरोपी को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन पैर में चोट लगने की वजह से वह दौड़ नहीं सका। उसके पिता मजदूरी करते है और शाम को गेहूं काटकर आए थे। मंगलवार की सुबह भी गेंहू काटने जाना था। भगत सिंह के पांच बच्चे है। तीन बेटियां विनीता, अंजली, डिंपल, बेटा राहुल कुमार शादीशुदा है। छोटा बेटा हिमांशु अवविवाहित है। वह दुबई में जेसीबी ड्राइवर है।
एसएसपी ने ली परिजनों से जानकारी
रामनगर। हत्या की घटना के बाद दोपहर में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी, कोतवाल अबुल कलाम के साथ मृतक के घर पहुंची। मृतक की पत्नी मालती देवी से रात हुई घटना के बारे में जानकारी ली। एसएसपी को परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
मृतक से रंजिश रखता था प्रेमवीर
रामनगर। रामनगर कोतवाली में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी के अनुसार, प्रेमवीर ने बताया कि पूर्व में भगत सिंह ने उसके पिता पर कस्सी से हमला किया था, तभी वह उससे रंजिश रखता था। ससुरालियों से झगड़ा होने पर भी वह ससुरालियों का ही पक्ष ले रहा था। रात में वह स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके-18-6001 से बाजपुर के मेहतावन अपने घर आया। वहां से उसने दोस्तों को बुलाया।
हत्या करने से पहले दोस्तों संग पी शराब
रामनगर। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने से पहले अपने दोनों दोस्तों के साथ और शराब पी। दोनों दोस्तों ने जब उसका साथ देने की हामी भरी तो सभी वापस मालधन पहुंचे। मालधन पहुंचकर दोस्तों को कार में ही स्कूल के पास छोड़ दिया और अकेला पौनिया बंदूक लेकर भगत सिंह के घर पहुंचा और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि प्रेमवीर खनन से जुड़ा हुआ है।