प्रापर्टी डीलर पति को छोड़कर अपने ड्राइवर के साथ भागी महिला एसडीएम कोर्ट के सामने बुधवार को अपनी बेटी और बेटे से भिड़ गई। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को हटाया। पुलिस ने इस मामले में महिला के साथ उसके प्रेमी, बेटी और ताऊ सहित पांच लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को चेतावनी देते हुए जमानत पर छोड़ दिया।
गौजाजाली बिचली निवासी प्रापर्टी डीलर हेम चंद्र दानी की पत्नी हेमा दानी 15 दिसंबर 2014 को अपने ड्राइवर ईश्वरी प्रसाद के साथ भाग गई। प्रापर्टी डीलर के चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी और बेटा पिता के साथ रहते हैं। एक बेटा मां के साथ और दूसरा मौसी के साथ रहता है। जन्माष्टमी के दिन मंदिर तोड़ने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ तो पुलिस ने धारा 107/16 के तहत दोनों पक्षों का चालान कर दिया था। बुधवार को दोनों पक्ष इसी मामले मेें पेश होने के लिए एसडीएम कोर्ट आए थे। यहां हेमा अपने प्रेमी ड्राइवर के साथ खड़ी थी। दूसरी तरफ हेम चंद्र के बड़े भाई प्रकाश दानी हेमा के बेटे और बेटी के साथ थे। इस बीच मां और बेटी के बीच कहासुनी होने पर मारपीट होने लगी। घटना की सूचना पर पुुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। इस बीच हेमा की सास गंगा दानी भी थाने पहुंच गई। गंगा और हेमा आपस में लड़ने लगीं तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें डांटकर शांत किया।