सोमवार देर रात मानसून ने कुमाऊं में दस्तक देकर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मंगलवार को कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में कहीं रुक-रुक कर तो कहीं लगातार बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते दो दिन में हल्द्वानी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक क्षेत्र में इसी तरह बारिश का दौर जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. चंद्र सिंह ने बताया कि इस बार मानसून कुछ विलंब से पहुंचा है। सोमवार रात मानसून ने बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर से उत्तराखंड में प्रवेश किया।प्रदेश में हरिद्वार को छोड़कर सभी जिलों को मानसून ने कवर कर लिया लिया है। अगले चार पांच दिनों तक बारिश का दौर चलेगा। इधर आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे तक नैनीताल में सर्वाधिक 11 और हल्द्वानी में आठ मिलीमीटर बारिश हुई है। इस दौरान हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम 23.5 डिग्री रहा।
फसलों के लिए वरदान साबित होगी बारिश
24 जून - 35 डिग्री
25 जून - 36 डिग्री
26 जून - 40 डिग्री
27 जून - 40 डिग्री
28 जून - 39 डिग्री
29 जून - 32.8 डिग्री
30 जून - 26.4 डिग्री
गौला बैराज में आज से घूमने पर प्रतिबंध
कीचड़ से सनी सड़कों पर चलना दूभर
हल्द्वानी शहर में मंगलवार की सुबह से हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई वहीं लोगों को जलभराव और बदहाल सड़कों ने परेशान किया। बारिश से सड़कें कीचड़ से सन गईं और लोगों का चलना दूभर हो गया। राजपुरा, बनभूलपुरा, इंदिरानगर, बद्रीपुरा, राजपुरा, जज फार्म, बिठौरिया आदि क्षेत्रों में खोदी गई सड़कों ने मुसीबत खड़ी कर दीं। शहर में कई स्थानों पर सिंचाई गूलों में कचरा जमने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहता रहा। सुशीला तिवारी अस्पताल के पास वाली नहर में बारिश के बाद कचरा जमा हो गया। नहर में पेड़ों की टहनियां गिरी नजर आई। इससे पानी की निकासी प्रभावित रही।