एमबीपीजी कालेज में अब परीक्षा के दौरान किसी भी गुरुजी का मोबाइल फोन नहीं बजेगा। यह आदेश कालेज के प्राचार्य ने परीक्षा के समय मोबाइल फोन बजने से छात्र-छात्राओं को होने वाली परेशानी को देखते हुए जारी किए हैं। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को ड्यूटी छोड़कर कक्ष से बाहर जाने पर नाराजगी जाहिर की है।
एमबीपीजी कालेज में कुमाऊं विवि की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं। प्राचार्य एवं उच्चशिक्षा के प्रभारी निदेशक डा. बीसी मेलकानी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह देखने में आया था कि कुछ प्राध्यापक परीक्षा ड्यूटी के समय भी मोबाइल फोन पर बात करते रहते हैं तथा बार-बार उनके मोबाइल फोन की घंटी बजने से परीक्षार्थियों को व्यवधान होता है। अब सभी कक्ष निरीक्षकों के लिए आदेश जारी किए गए हैं कि परीक्षा कक्ष में ड्यूटी पर तैनात किसी भी टीचर्स या कर्मचारी का मोबाइल फोन नहीं बजेगा, उन्हें पेपर शुरू होते ही अपना मोबाइल बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी कक्ष निरीक्षक बीच में परीक्षा ड्यूटी छोड़कर बाहर नहीं जाएगा।
इधर, एमबी कालेज में पिछले वर्षों की अपेक्षा परीक्षाएं शांतिपूर्वक चल रहीं हैं। इसके लिए कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. होशियार सिंह धामी ने पूर्व संयुक्त निदेशक डा. बीसी उप्रेती और बेतालघाट कालेज के प्राचार्य डा. पीके पाठक कोे आब्जर्वर तैनात किया है। इन दोनों आब्जर्वर को जिम्मेदारी दी गई है कि कालेज में प्रश्नपत्र शुरू होने पर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रोजाना उसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजेंगे।
कोई नकलची नहीं पकड़ा
एमबी कालेज के परीक्षा नियंत्रक डा. डीएस कुंवर ने बताया कि गुरुवार को प्रथम पारी में सुबह सात बजे से बीकॉम प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का ग्रुप प्रथम का प्रश्नपत्र हुआ। इसमें 1432 विद्यार्थी शामिल हुए। द्वितीय पारी में पूर्वाह्न 11 बजे से बीए तृतीय वर्ष के प्राइवेट विद्यार्थियों का शिक्षाशास्त्र का पेपर हुआ तथा तीसरी पारी में अपराह्न तीन बजे से बीए द्वितीय वर्ष के हिंदी साहित्य का प्रश्नपत्र हुआ। तीनों परीक्षाओं में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। परीक्षा व्यवस्थाओं में सहायक परीक्षा प्रभारी डा. आरएस भाकुनी, डा. एएस उनियाल, डा. नवीन भगत, डा. एआर अंसारी आदि जुटे रहे।