इलाईजर प्राथमिक विद्यालय में साल के पत्तों से थाली बनाते स्कूली बच्चे। अमर उजाला
- फोटो : BHIMTAL
देश को प्लास्टिक मुक्त कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को बढ़ावा देने के लिए ओखलकांडा ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय इलाईजर के बच्चों ने अनूठी पहल की है। वह साल के पत्तों की थाली तैयार कर रहे हैं, जिनमें उन्हें मिड-डे-मील परोसा जा रहा है।
प्लास्टिक और डिस्पोजेबल सामग्री पर खाने से कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। देश में इन सामग्रियों के त्याग की मुहिम शुरू हुई है। इस मुहिम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय इलाईजर के बच्चे भी सहभागी बन गए हैं। विद्यालय की शिक्षिका नमिता सुयाल ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए मिड-डे-मील का भोजन साल के पत्तों में खाने की मुहिम शुरू की है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने समाज से प्लास्टिक के डिस्पोजेबल का इस्तेमाल बंद करने का संदेश दिया है। साथ ही जंगलों में होने वाले साल के पत्तों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इन पत्तों को बच्चे जंगल से तोड़कर लाते हैं और स्कूल में इनकी थाल तैयार करते हैं, जिसमें उन्हें मिड-डे-मील परोसा जाता है। बच्चों ने प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की शपथ ली है। साथ ही लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं।