रामनगर (नैनीताल)। पीरूमदारा क्षेत्र के हिम्मतपुर ब्लॉक में बिक रही कच्ची शराब के विरोध में महिलाओं ने पीरूमदारा चौकी का घेराव किया। बाद में पुलिस ने महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिम्मतपुर ब्लॉक के ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान संघ की अध्यक्ष मिथलेश डंगवाल पीरूमदारा चौकी पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके गांव में कच्ची शराब बेची जा रही है। इससे गांव के युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं की तो वह चौकी के सामने धरना देंगी।
वहीं चौकी प्रभारी भगवान सिंह महर ने कहा कि पुलिस जल्द प्रभावी कार्रवाई करेगी। प्रदर्शनकारियों में रेखा, चंपा, शांति ध्यानी, राहुल डंगवाल, किशोर शर्मा, दीपक आर्य, गजेंद्र सिंह, ललिता आदि रहीं।