हल्द्वानी/नैनीताल। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू को अभूतपूर्व समर्थन मिला। नगर के प्रमुख बाजारों के अलावा कस्बों, गांवों, कालोनियों, गलियों आदि में भी दिनभर सुनसानी छाई रही। राजमार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर दिनभर जरूरी काम से निकले इक्का-दुक्का चौपहिया और दोपहिया वाहन ही चलते नजर आए।
लोग सुबह से ही जनता कर्फ्यू को लेकर तैयार थे। वे घरों के भीतर रहे। लोगों ने घर के लिए किसी भी गली, कूचे में एक भी दुकान नहीं खुली। व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक संगठनों समेत जनता कर्फ्यू को सभी संगठनों ने सामूहक रूप से समर्थन किया था। सभी ने कर्फ्यू को अभूतपूर्व बनाने में बड़ा सहयोग किया। नैनीताल के तल्लीताल बाजार, माल रोड, बड़ा बाजार, मल्लीताल बाजार समेत पूरा शहर बंद रहा। बाजार में बेवजह घूम रहे इक्का-दुक्का लोगों को पुलिस ने घरों को भेज दिया।
जनता कर्फ्यू को सफल बनाने पर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश अग्रवाल, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, नगर उद्योग व्यापार मंडल के नगर महामंत्री राजीव जायसवाल, देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह चड्ढा, टीपीनगर के व्यापारी नेता अमरजीत सिंह सेठी, प्रदीप सबरवाल, आलू फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने आम लोगों का आभार जताया है।
व्यापारियों की बात
व्यापारी नेता राजेश अग्रवाल ने कहा कि बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। कारोबारियों का आज इस ओर कोई ध्यान भी नहीं था। व्यापारी नेता हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि जीएसटी के मुताबिक शहर में रोजाना करीब 15 करोड़ और प्रदेश में करीब 64 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। इस कारोबार पर असर पड़ा है। व्यापारी नेता राजीव जायसवाल, अमरजीत सिंह चड्ढा, वीरेंद्र गुप्ता, अमरजीत सिंह चड्ढा आदि ने भी 10 से 15 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ने की बात कही है। व्यापारी नेताओं ने सरकार द्वारा घोषित लॉक डाउन को पूर्ण समर्थन करने की बात कही है।
मंदिर और गुरुद्वारे के कपाट रहे बंद
रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान मल्लीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर और गुरुद्वारे के कपाट बंद नजर आए। इसके अलावा मस्जिद में कुछ लोग नमाज के लिए पहुंचे।