रामनगर (नैनीताल)। प्लाइवुड कारखाने में लट्ठा उतारते समय वाहन से श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक की बेटी प्रदेश की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हैं।
शनिवार दोपहर ग्राम चिल्किया स्थित प्लाइवुड कारखाने में रेलवे पड़ाव निवासी नरेश भारद्वाज (55) मजदूरी करते थे। बताया जाता है कि शनिवार को कारखाने में वाहन से वह अपने अन्य साथी मजदूरों के साथ लट्ठे उतार रहे थे। इसी बीच वह वाहन से नीचे गिरकर घायल हो गए, साथी श्रमिक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मजदूरी कर बेटी को क्रिकेट का बल्ला थमाया
रामनगर। मृतक नरेश भारद्वाज की पुत्री नीलम का चयन हाल ही में प्रदेश की महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। मुख्यमंत्री भी नीलम भारद्वाज को सम्मानित कर चुके हैं। बताते हैं कि नरेश भारद्वाज ने अपनी होनहार बेटी नीलम को मजदूरी करके उसके हौसलों का उड़ान भरी। जब राज्य क्रिकेट टीम में उसका चयन हुआ तो वह काफी खुश थे।