राजकीय महिला महाविद्यालय में इस बार एनएसयूआई छात्रा संघ अध्यक्ष समेत पूरे पैनल पर जीत हासिल करने में कामयाब रही।
अध्यक्ष पद पर मनीषा जोशी ने एबीवीपी की नैन्सी जायसवाल को 67 वोट से पराजित कर जीत हासिल की। जबकि उपाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर में शोभा सती ने मात्र दस वोट से विपक्षी प्रत्याशी वसुंधरा को हराकर विजय प्राप्त की।
इसी तरह सचिव पद पर करिश्मा सूर्या ने एबीवीपी की ज्योति को सर्वाधिक 172 मतों से हराकर जीत प्राप्त करने में कामयाबी हासिल की है।
इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर सरिता दास, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दीपा नेगी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर मनीषा पंत और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर श्रेया जैन निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं।
जबकि संयुक्त सचिव पद पर किसी छात्रा द्वारा उम्मीदवारी ने करने के कारण यह पद रिक्त रह गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच महिला महाविद्यालय में मंगलवार को प्रात: दस बजे से मतदान शुरू हुआ।
शुरूआत में मतदान केंद्रों पर छात्राओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद ही मतदान केंद्रों पर सन्नाटा छा गया। इसके बाद इक्का दुक्का छात्राएं ही वोट डालने आती रहीं।
अपराह्न दो बजे तक कुल 1138 छात्राओं में से 522 मतदाताओं ने वोट डाले। इसके लिए चार मतदान केंद्र बनाए गए थे।
इसके बाद कालेज सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह एवं प्राचार्य डा. जीएस बिष्ट की मौजूदगी में ढाई बजे से मतगणना प्रारंभ हुई तथा करीब दो घंटे में परिणाम घोषित कर दिया गया।
जिसमें छात्रा संघ अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की मनीषा जोशी को 290, एबीवीपी की नैन्सी जायसवाल को 223 मत मिले तथा मनीषा जोशी को निर्वाचित घोषित किया गया।
इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर शोभा सती को 261 और वसुंधरा जोशी को 251 मत प्राप्त हुए तथा दस वोट से शोभा को विजयी घोषित किया गया।
जबकि सचिव पद पर करिश्मा सूर्या को 340 एवं ज्योति बिष्ट को 168 मत मिले तथा करिश्मा को 172 वोट से निर्वाचित घोषित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. संगीता दुबे द्वारा परिणाम की घोषणा की।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया में आंतरिक पर्यवेक्षक के रूप में डा. सुमन उप्रेती एवं बाह्य पर्यवेक्षक के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट ने सहयोग किया।
इस दौरान डा. मधुलिका पाठक, डा. एके श्रीवास्तव, डा. नीर प्रभा, डा. अपराजिता, डा. बीके पांडेय, डा. एसडी तिवारी, डा. अनिता जोशी, डा. रितु मित्तल, डा. रजनी मेहरा, डा. बीएम परगाईं, डा. ऋतुरात पंत, डा. राकेश कुमार, डा. फकीर सिंह, बालकिशन, हरीश पांडे, बालम सिंह, कैलाश नाथ, प्रकाश भंडारी, बबिता, लक्ष्मी, लता, चंदन सिंह लमगडिया, गोपाल सिंह आदि ने सहयोग किया।