नैनीताल के सिपाहीधारा क्षेत्र में स्थित संवेदनशील पहाड़ी का निरीक्षण करते प्रशासनिक अधिकारी।
नैनीताल। जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक ने बुधवार को सिपाहीधारा के समीप स्थित संवेदनशील पहाड़ी का निरीक्षण किया। यह पहाड़ी कृष्णापुर वार्ड की सुरक्षा के लिए चुनौती बनी हुई है। निरीक्षण में अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता से जानकारी ली। कहा कि मानसून से पूर्व संवेदनशील पहाड़ी की सुरक्षा कर ली जाए।
पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। एसडीएम ने एक माह के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि मानसून में किसी तरह का खतरा न हो। एसडीएम ने सिंचाई विभाग की टीम के साथ बलियानाले का भी निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इधर, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सुमित मदवाल ने बताया कि पहाड़ी की सुरक्षा का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।