लंबे समय के बाद शिक्षा विभाग ने कुमाऊं मंडल में राजकीय प्रारंभिक शिक्षा
में तैनात सहायक अध्यापक /प्रधानाध्यापकों को सहायक अध्यापक एलटी स्नातक
वेतनक्रम (व्यायाम विषय) में पदोन्नति दे दी है। पदोन्नत शिक्षकों को 15
दिन के अंदर तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
बता दें कि विभाग ने प्रारंभिक शिक्षा से 30 फीसदी पदोन्नति कोटे के तहत
स्नातक वेतनक्रम में विभिन्न विषयों में 22 फरवरी को 299 शिक्षकों की एलटी
स्नातक वेतनक्रम में पदोन्नति की थी। इस दौरान व्यायाम शिक्षकों की
पदोन्नति सूची न्यायालय में विवाद की वजह से जारी नहीं की गई। पदोन्नति
सूची जारी न होने से आक्रोशित राजकीय शिक्षक संघ (एलटी बेसिक संवर्ग) के
मंडलीय अध्यक्ष दिगंबर दत्त फुलोरिया के नेतृत्व में शिक्षकों ने छह अप्रैल
से मंडल मुख्यालय में कमिश्नरी दफ्तर और विभाग के मंडलीय दफ्तर में धरना
प्रदर्शन शुरू कर दिया था। उन्होंने 10 अप्रैल को एडी दफ्तर में तालाबंदी
की थी। बाद में एडी की ओर से 13 अप्रैल को सूची जारी होने के आश्वासन के
बाद उन्होंने आंदोलन स्थगित कर दिया था।
कुमाऊं मंडल की माध्यमिक शिक्षा की अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) सुषमा
सिंह ने बताया कि जिन 60 शिक्षकों को पदोन्नत किया गया है, उनमें 56
सामान्य शाखा और चार महिला शाखा के शिक्षक शामिल हैं। पदोन्नत शिक्षकों को
15 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि तैनाती की
अवधि के भीतर किसी शिक्षक की ओर से कार्यभार ग्रहण नहीं किया जाता तो
उनके स्थान पर उनसे कनिष्ठ शिक्षकों की पदोन्नति दे दी जाएगी। सूची
विभागीय वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लू डाट स्कूल एजूकेशन डाट यूके में भी देखी
जा सकती है। राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष दिगंबर दत्त फुलोरिया ने
सूची जारी करने के लिए एडी सुषमा सिंह का आभार जताया है।