जाति, मजहब की राजनीति नहीं करती भाजपा
राजनाथ ने कहा कि भाजपा जाति, पंथ और मजहब के नाम पर राजनीति नहीं करती। बल्कि वह तो इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है। अरब के पांच देशों ने उनके देश के सबसे बड़े सम्मान से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नवाजा है। उत्तराखंड को शौर्य और पराक्रम की धरती करार देते हुए रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि यहां का युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा रखता है।
महिलाएं भी हो जाएं तैयार
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की संसद और विधानमंडल में महिलाओं को 33% का आरक्षण मिल गया है। अब सभी महिलाएं तैयारी कर लें। अब घर की रसोई से निकलकर राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाकर देश की तरक्की में योगदान करने की बात करनी है। यह भाजपा के शासनकाल में संभव है।
यूक्रेन-रूस में युद्ध विराम करा पीएम मोदी बच्चों को देश लाए
राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी की वजह से देश दुनिया में सशक्त हुआ है। यूक्रेन में जब युद्ध हो रहा था तब बड़ी संख्या में भारत के छात्र वहां पढ़ रहे थे, जो युद्ध के कारण फंस गए। पीएम मोदी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों देशों के बीच युद्ध विराम कराकर बच्चों को बचाकर लाया। कतर में वायु सेना के नौ अधिकारियों को फांसी की सजा सुना दी गई थी, लेकिन पीएम मोदी ने सीधे कतर के राष्ट्रपति (अमीर) से वार्ता कर उनकी फांसी की सजा माफ करा दी। उन्हें सकुशल देश में लाया गया। राजनाथ ने धारा 370 हटाने, रामलला मंदिर के निर्माण समान नागरिकता कानून सहित केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से अलग हो गए।