गरमपानी (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत खीनापानी के चौनीखेत में बीते कुछ समय से तेंदुए का आतंक बना हुआ है। तेंदुए के आबादी क्षेत्र में दिखाई देने से ग्रामीणों में दशहत है। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरा लगाया गया है। वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। भीमताल ब्लॉक में नौकुचियाताल क्षेत्र के सिलौटी में 25 नवंबर को जंगल में चारा काटते समय लीला देवी पर वन्यजीव ने हमला कर दिया था। महिला को मारने वाला वन्यजीव बाघ था या तेंदुआ, इसकी सैंपल रिपोर्ट देहरादून से नहीं आई है। ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र में एक बाघ और होने के अंदेशा जताया गया था। इसे लेकर वन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने के गश्त जारी रखी है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि सैंपल रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा की हमला करने वाला बाघ था या तेंदुआ। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में नजर रखे हुए है।