नैनीताल जिले के गरमपानी के बेतालघाट के चापड़ में मंगलवार रात रामलीला देखकर लौट रहे दो किशोरों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। दाेनों ने पत्थर मारकर और शोर मचाकर वन्यजीव को भगाया। हमले में घायल दोनों किशोरों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रात करीब 11 बजे राहुल कुमार (16) और अनुज कुमार (16) बाइक से घर लौट रहे थे। चापड़ के पास अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। किशोरों ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और पत्थर मारकर तेंदुए को जंगल की ओर भगा दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बेतालघाट सीएचसी पहुंचाया। बुधवार को रानीखेत वन विभाग की टीम चापड़ गांव पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
वन विभाग लगाएगा ट्रैप कैमरे
वन विभाग बृहस्पतिवार को क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाएगा। वन कर्मियों की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। विभाग घायलों को मुआवजा देने की कार्रवाई भी कर रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर न निकलने और वन्य जीव दिखने पर सूचित करने की अपील की है।