हल्द्वानी। नगर निगम की राजनीति में बहुमत बदल गया, कुर्सियां बदलीं, चेहरे बदले लेकिन स्ट्रीट लाइटों के हिस्से अंधेरा ही आया। साल 2022-23 में शहर भर में 1800 पोल खड़े कर दिए गए लेकिन इनमें केबल अब तक नहीं खींचा गया है। बीते साल 2025 हुए निकाय चुनाव में सत्ता का गणित भले ही पूरा हो गया लेकिन पथ प्रकाश व्यवस्था को अब तक बहुमत नहीं मिल सका है। यूपीसीएल की लेटलतीफी के कारण गलियों की रातें अब भी उदासीनता के साए में हैं।
इन वार्डाें में खड़े किए गए थे पोल
वार्ड-एक रानीबाग काठगोदाम, वार्ड-दो काठगोदाम दमुवाढूंगा, वार्ड-तीन हरिपुर कर्नल वार्ड, वार्ड-सात भोटियापड़ाव गोरखपुर, वार्ड-आठ जगदंबानगर कुल्यालपुरा, वार्ड-41 भगवानपुर, वार्ड-43 छड़ायल, वार्ड-50 आदर्शनगर मुखानी, वार्ड-52 मुखानी द्वितीय, वार्ड-56 मानपुर रामपुर रोड।
वार्ड की वेदबंधु काॅलोनी और जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों के लिए 10 पोल लगाए गए हैं लेकिन अब तक न तो तार खींची है और न ही लाइटें लगी हैं।
- भगीरथी बिष्ट, पार्षद वार्ड-56
वार्ड में मित्र काॅलोनी, गणेश विहार फेज-वन में तीन साल पहले पोल लगाए गए थे लेकिन उनमें अब तक केबल नहीं लग पाई है। मेयर और नगर आयुक्त के सामने मामला उठाया है।
- नीमा भट्ट, पार्षद वार्ड-50
महिला डिग्री काॅलेज के पास, एमबीपीजी कॉलेज के पीछे वाले क्षेत्र में पूर्व मेयर के कार्यकाल में पोल खड़े किए गए थे। इनमें स्ट्रीट लाइटें न लगने के कारण आपराधिक वारदातों का खतरा बना रहता है।
-रवि वाल्मीकि पार्षद वार्ड-आठ
यूपीसीएल से स्ट्रीट लाइटों के लिए केबल संबंधी आगणन मांगा गया है। निगम के वार्डाें में पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। -
परितोष वर्मा, नगर आयुक्त
पोल लगाकर तार न खींचने का मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
- एसके गुप्ता, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल