हल्द्वानी। पेयजल लाइनों से घरों में दूषित जलापूर्ति होने की शिकायतें सामने आने के बाद जलसंस्थान ने प्लंबरों पर सख्ती कर दी गई है। जल संस्थान की ओर से पेयजल और सीवर कनेक्शन की लाइनों को मानकों के अनुरूप बिछाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करने पर प्लंबर पर कार्रवाई होगी।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की सर्विस पाइपलाइनों को उचित गहराई में न बिछाने और सिंचाई गूलों व नालियों को क्रॉस या उसके समानांतर नालियों के अंदर या उसके नजदीक बिछाने जाने के कारण समस्याएं आ रही हैं। पिछले दिनों राजपुरा, टनकपुर रोड और गांधीनगर क्षेत्र में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
मानकों की अनदेखी पर लाइसेंस होगा रद्द
जल संस्थान में 12 लाइसेंसी प्लंबरों का पंजीकरण है। यही पेयजल और सीवर कनेक्शन संबंधी फाइलें तैयार कर काम करवाते हैं। प्लंबरों को कनेक्शन देने के लिए खोदे गए गड्ढों को बेहतर ढंग से ढकने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि हादसे की आशंका न रहे। निर्देशों का पालन न करने वाले प्लंबरों के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
अफसर करेंगे चेकिंग
अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने सहायक अभियंता, अपर सहायक अभियंता व अवर अभियंताओं को जल और सीवर कनेक्शनों की औचक चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। ईई ने उपभोक्ताओं से भी मानकों के पालन में सहयोग की अपील की है।
प्लंबरों के लिए कनेक्शन संबंधी मानक तय किए गए हैं। उन्हें गुणवत्तायुक्त सामग्री लगानी होगी। इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।
- आरएस लोशाली, ईई जल संस्थान