नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की मंगलवार से होने वाली परीक्षाओं में विद्यार्थी बिना आवेदन के भी बैठ सकेंगे। विवि ने छात्रहित को देखते हुए यह निर्णय लिया है। विवि के अनुसार विद्यार्थी 13 मई की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं और उसके बाद परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से सम सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षाएं मंगलवार से होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी करने के साथ ही पेपर व कॉपियां सभी सेंटरों भेज दी गई हैं। बीते दिवस परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग पर डीएसबी परिसर के छात्रनेताओं ने प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन किया था। इसके बाद विवि की ओर से यह निर्णय लिया गया है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के अनुसार मंगलवार से होने वाली स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा में करीब 30 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।
एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार 13 मई से परीक्षाएं कराई जा रही हैं। छात्रहित में निर्णय लिया है कि विद्यार्थी परीक्षा के बाद आवेदन व शुल्क जमा कर सकते हैं ताकि काई भी विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न रहे।
डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल, कुलसचिव कुमाऊं विवि नैनीताल