नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय को अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) की ओर से शुरू की गई प्रधानमंत्री प्रोफेसरशिप योजना के अंतर्गत देशभर के 32 चुनिंदा संस्थानों में शामिल किया गया है। इस योजना का उद्देश्य उभरते संस्थानों में विश्वस्तरीय अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
कुलपति प्रो. डीएस रावत ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठित शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों तथा प्रयोगशालाओं से सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और विद्वानों को उभरते विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचार का मार्गदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह कुमाऊं विवि ही नहीं बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। प्रो. रावत ने कहा योजना के तहत चयनित प्रोफेसर को प्रति वर्ष 20 लाख तक का शोध अनुदान प्रदान किया जाएगा। उन्हें विश्वविद्यालय में छात्रों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन (मेंटरशिप) करना होगा। विश्वविद्यालय की ओर से इन प्रोफेसरों को सभी आवश्यक सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और अकादमिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। संवाद