हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में एमए के साथ एमएससी भूगोल और एमएससी कम्प्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में नये सत्र में प्रवेश के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शनिवार शाम ऑनलाइन पंजीकरण करने को पोर्टल खोल दिया है। विवि ने बाकायदा इसकी लिखित सूचना शनिवार को कॉलेज के प्राचार्य को ई मेल के माध्यम से भेजी। कार्यपरिषद की बैठक में एमबीपीजी कॉलेज का यह प्रकरण प्रमुखता से उठने के बाद आखिरकार विवि प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। एमबीपीजी कॉलेज में एमएससी भूगोल में प्रवेश के लिए पोर्टल न खोले जाने की छात्रों की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
एमबीपीजी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि विवि ने प्रवेश पोर्टल में एमएससी भूगोल के साथ ही एमएससी कंप्यूटर साइंस विषयों को एमबीपीजी कॉलेज के साथ जोड़ दिया है। कॉलेज स्तर पर इन दोनों पाठ्यक्रम में 20-20 सीटों पर मेरिट के आधार पर प्रवेश किए जाएंगे। उन्होंने छात्रहित में इस प्रकरण का समाधान कराने के लिए विवि की कार्य परिषद का आभार व्यक्त किया है।