अधिवक्ता के साथ कोतवाल के अभद्रता
मामले में हाईकोर्ट में याचिका हुई दायर
पिथौरागढ़ कोतवाली का मामला, आज होगी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नैनीताल। हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रभात बोरा के साथ कोतवाली पिथौरागढ़ के कोतवाल रमेश तनवार के अभद्रता करने के मामले को मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान एवं न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की खंडपीठ के समक्ष मेंशन करने पर कोर्ट ने हाइकोर्ट बार एसोसिएशन से कहा है कि वे इसमें याचिका दायर करें। जिसके बाद याचिका तैयार कर ली गई है। इस प्रकरण पर कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई कर सकती है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवतार सिंह रावत, महासचिव विकास बहुगुणा ने खंडपीठ को इस घटना से अवगत कराया। कहा कि अधिवक्ता किसी केस के सिलसिले में कोतवाली पिथौरागढ़ गए थे। इस दौरान गाड़ी की पार्किंग को लेकर उनके व कोतवाल के बीच कहासुनी हो गई। अधिवक्ता ने जब कोतवाल से ढंग से बात करने को कहा तो उन्होंने गालीगलौच करने के साथ उन्हें थाने से धक्के मारकर बाहर कर दिया। जब उन्होंने इसकी शिकायत एसपी सुखबीर सिंह से की तो कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया गया। अधिवक्ता का कहना कि कोतवाल का इस तरह पेश आना अमानवीय व्यवहार है इसलिए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जाए।