रामनगर। पर्वतीय क्षेत्र से किलमोड़े की जड़ लेकर आ रहे छोटे हाथी को वन विभाग की टीम ने दबोचा लिया। वाहन चालक द्वारा रवन्ना नहीं दिखाने पर विभाग ने इसे सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालक पर वन अपराध दर्ज किया गया है।
रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज अधिकारी शेखर चंद्र तिवाड़ी को मुखबिर ने सूचना दी कि हल्द्वानी की ओर से छोटा हाथी किलमोड़े की जड़ लेकर रामनगर आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने बेलगढ़ बैरियर पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान टीम ने छोटा हाथी संख्या यूके 06सीए 2477 को रोका। जिसमें किलमोड़े की जड़ से 50 बोरियां भरी हुई थीं।
टीम ने वाहन चालक से जड़ों के रवन्ने मांगे तो वह नहीं दिखा पाया। रेंजर तिवाड़ी ने बताया वाहन को कोसी रेंज परिसर में लाकर सीज कर दिया गया है। साथ ही वाहन चालक मो. तसलीम पुत्र नसीम अहमद निवासी गूलरघट्टी के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है। श्री तिवारी ने बताया लगातार हो रही लकड़ी तस्करी को देखते हुए गश्त तेज कर दी गयी है।