हल्दूचौड़/लालकुआं/हल्द्वानी। गौला संघर्ष समिति की बरेली रोड स्थित एक बरातघर में रविवार को बैठक हुई, जिसमें समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया कि गौला नदी से उपखनिज की निकासी 125 क्विंटल की गई तो वह अपने वाहन सरेंडर कर देंगे। साथ ही हाईकोर्ट का भी रुख करेंगे।
खनन समिति की बैठक में प्रवीन दानू ने कहा कि गौला नदी से निकलने वाले उपखनिज की दर 109 क्विंटल से बढ़ाकर 125 क्विंटल करने का निर्णय लिया गया था। इस निर्णय को शासन की अनुमति के लिए भेजा गया था, जिसे शासन से अनुमति मिल गई है। उधर, वन विकास निगम ने एक दिन अपने सॉफ्टवेयर में नदी से उपखनिज निकलने की सीमा 109 क्विंटल से बढ़ाकर 125 क्विंटल भी कर दी थी। बाद में वाहन स्वामियों के विरोध के चलते वन विकास निगम ने दोबारा अपने साफ्टवेयर में बदलाव कर दिया। गौला संघर्ष समिति की बैठक में वाहन स्वामियों ने कहा कि वन विकास निगम अगर साफ्टवेयर में बदलाव कर उपखनिज निकासी 125 क्विंटल करता है तो वाहन स्वामी इसका विरोध करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि वह अपने वाहन भी सरेंडर कर देंगे।
बैठक में बलवंत सिंह, रमेश चंद्र जोशी, दलीप गडिया, बंशीधर भट्ट, इंद्र सिंह बिष्ट, भुवन दुर्गापाल, मोहन भट्ट, शेखर जोशी आदि मौजूद रहे।
गौला से नहीं लदेगा 125 क्विंटल उप खनिज
लालकुआं/हल्दूचौड़। मोटाहल्दू और बेरीपड़ाव निकासी गेट के खनन व्यवसायियों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वाहन स्वामी 125 क्विंटल किसी भी हाल नहीं ले जाएंगे, जो वाहन 125 क्विंटल वजन लाएगी, सभी उसका विरोध करेंगे। बैठक में सभी वाहन स्वामियों से सहयोग की अपील की गई।