लालकुआं (नैनीताल)। बरेली होकर गुजरने वाली काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस और लालकुआं-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों को जल्द ही नियमित ट्रेनों का दर्जा मिलने जा रहा है। इन ट्रेनों को पूर्व में विशेष ट्रेनों के रूप में अस्थायी रूप से संचालित किया गया था। लगातार सवारियां मिलने पर इनके संचालन को बंद नहीं किया गया। अब रेलवे ट्रेनों को स्थायी रूप से नियमित सेवा में शामिल करने जा रहा है।
काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस और लालकुआं-बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों में सामान्य दिनों में भी यात्रियों का दबाव 70 से 90 प्रतिशत तक बना रहता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष ट्रेनों को नियमित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
विशेष ट्रेनों की तुलना में नियमित ट्रेनों का किराया लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक कम होता है। ऐसे में यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी और सीटों की उपलब्धता भी बढ़ेगी। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया कि रेलवे ने इन ट्रेनों की मांग, बुकिंग और संचालन क्षमता का विश्लेषण पूरा कर लिया है। प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा चुका है। ट्रेनों को इस महीने के अंत तक नियमित किया जा सकता है। संवाद