लालकुआं। दिल्ली यार्ड में मरम्मत एवं विकास कार्य के चलते उत्तर रेलवे ने अगस्त माह में कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसके तहत काठगोदाम से चलने वाली 15014 काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस तीन दिन परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 5 से 8 अगस्त तक दिल्ली यार्ड में पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 5, 6 और 7 अगस्त को गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग गाजियाबाद–दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला के स्थान पर गाजियाबाद–नई दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन का दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। इसके अलावा 7 अगस्त को गाड़ी संख्या 04651 जयनगर–अमृतसर स्पेशल भी परिवर्तित मार्ग गाजियाबाद–नई दिल्ली–सब्जी मंडी होकर संचालित की जाएगी। इस ट्रेन का भी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति एवं समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।