नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से 31वीं अखिल भारतीय बीएल साह स्मृति सेवन-ए-साइड क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को चार मुकाबले खेले गए। इनमें मेरठ की दो टीमों के साथ ही हल्द्वानी और कानपुर की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
डीएसए मैदान में खेले गए पहले मैच आजाद क्रिकेट क्लब मुरादाबाद ने 6 ओवर में 4 विकेट पर 97 रन बनाए। सोनू सैनी ने नाबाद 48 रन बनाए। जवाब में एचएएल कानपुर की टीम ने 6 ओवर में 2 विकेट पर मैच जीत लिया। भवानी सिंह ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। दूसरे मैच में लिनियेटेड स्पोर्ट्स क्लब मेरठ ने पहले खेलते हुए 6 ओवर में 5 विकेट पर 83 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एएनसीसी शाहदरा की टीम 56 रन पर ही ऑलआउट हो गई।
तीसरे मैच में हल्द्वानी क्रिकेर्ट्स ने 6 ओवर में 2 विकेट खोकर 119 रन बनाए। शांतनु ने नाबाद 68 बनाए। जवाब में ग्वालियर के खिलाड़ी 5 ओवर में मात्र 50 रन पर ऑलआउट हो गई। दिन के चौथे और आखिरी मैच में जेएसएम मेरठ ने 6 ओवर में बिना विकेट खोए 116 रन बनाए। शिवम ने नाबाद 81 रन बनाए। जवाब में हरिद्वार के खिलाड़ी 6 ओवर में 4 विकेट पर 61 रन ही बना सके। निर्णायक विनीत पाठक, आमिर अब्बास, योगेश कुमार व विनय चौधरी तथा स्कोरर विजय बहुगुणा तथा मैच का आंखों देखा हाल उमेश कांडपाल सोनी ने सुनाया।