बरेली से लालकुआं चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक शराबी को खुद को टीटी बताना उस समय महंगा पड़ गया, जब असली टीटी टिकटों की जांच के लिए पहुंच गए। सकपकाए टीटी की शिकायत कोच में बैठे अन्य यात्रियों ने की तो शराबी माफी मांगने लगा। लेकिन टीटी ने उसे आरपीएफ के हवाले कर दिया। बाद में घटना बहेड़ी स्टेशन की होने पर आरोपी को जीआरपी बहेड़ी के हवाले किया गया।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक बरेली से लालकुआं जंक्शन आ रही 55351 अप सवारी गाड़ी में बहेड़ी के पास एक युवक ट्रेन में खुद को टीटी बताते हुए यात्रियों से टिकट मांगने लगा। यात्रियों को उक्त युवक के नशे में होने पर पहले शक हुआ, लेकिन कोई कुछ नहीं बोला। तभी थोड़ी देर बाद स्टेशन पर गाड़ी रुकने पर कोच में असली टीटी भी पहुंच गए। असली टीटी को देखकर शराबी युवक सन्न रह गया। लोगों की शिकायत पर टीटी ने आरोपी युवक को जीआरपी के जवानों को सौंप दिया।
ट्रेन के लालकुआं पहुंचने पर जीआरपी के जवान उसे आरपीएफ थाने ले आए। थाना प्रभारी मौ. आसिफ खान ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुशील कुमार सिंह उर्फ बॉबी निवासी ग्राम भवोला रुद्रपुर बताया। आरोपी ने कहा कि वह शराब पीने का आदी है और मजाक में ही लोगों से टिकट मांग रहा था। इधर, थाना प्रभारी ने बताया कि घटना बहेड़ी क्षेत्र की है, जिसके बाद उसे बहेड़ी आरपीएफ को सौंप दिया गया।