हल्द्वानी में दमुवाढुंगा के जंगल में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं में दावानल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी, टांडा, भाखड़ा, पीपल पड़ाव रेंज समेत कुमाऊं में 25 वनाग्नि की घटनाएं हुईं। इसमें 27 हेक्टेयर जंगल जल गया। हल्द्वानी रेंज के अंतर्गत रामपुर रोड से सटे जंगल में में कई किमी तक आग लगी हुई थी, यहां के जंगल में रात के वक्त आग और बढ़ गई। बाद में वन कर्मियों की टीम आग बुझाने के लिए भेजी गई। भाखड़ा रेंज में आग की ऊंची लपटें उठती देखी गई। आग की सूचना पर सुबह और शाम भाखड़ा रेंज में आग की सूचना पर हल्द्वानी से फायर ब्रिगेड के दो दमकल भेजे गए।
कुमाऊं में सोमवार को 25 आग की घटनाएं रिपोर्ट की गईं। पिथौरागढ़ के बेरीनाग, अल्मोड़ा के द्वाराहाट, बिनसर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, नैनीताल के भवाली, आखेलकांडा के पतलोट, तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा, भाखड़ा, पीपलपड़ाव, चंपावत के दोगाड़ी, हल्द्वानी के नंधौर में आग लग गई। आग से 27 हेक्टेयर जंगल जल गया। सोमवार तक कुमाऊं में 773 वनाग्नि की घटनाएं हुईं। इसमें 1125.30 हेक्टेयर जंगल को नुकसान पहुंचा है। सिविल सोयम और वन पंचायतों में अब तक 145 जगह पर आग लगी है। आग से 256.20 हेक्टेयर जंगल जल गया है। हल्द्वानी फायर एफएसओ जगदीश मेहरा ने बताया कि जंगल के किनारे लगी आग को दमकलों से बुझाया गया।