हल्द्वानी रामपुर रोड पर एक्सीडेंट में मरे पत्रकार अनुपम गुप्ता के पुत्र भावेश गुप्ता का फाइल फो?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। देवलचौड़ में रामजी विहार, श्यामा गार्डन के पास बुधवार की शाम टेंपो की टक्कर से स्कूटी सवार इंटर के छात्र की जान चली गई। वह ट्यूशन पढ़कर आ रहा था। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
जज फार्म आईटीआई रोड निवासी पत्रकार अनुपम गुप्ता का 17 साल का बेटा भावेश डीएवी इंटर कॉलेज में 12वीं में पढ़ता था। बुधवार की शाम वह ट्यूशन पढ़ने के लिए गया था। लौटते समय रामजी विहार देवलचौड़ रोड पर सामने से आ रहे टेंपो ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उसके सिर में चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो चालक उसे एसटीएच ले गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भावेश अनुपम का इकलौता बेटा था। टीपीनगर चौकी पुलिस का कहना है कि छात्र ने किसी वाहन को ओवरटेक किया था, इस बीच वह टेंपो की चपेट में आ गया। मौके पर हेलमेट भी नहीं दिखाई दिया। मेडिकल चौकी प्रभारी मनवर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखा गया है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
इकलौते बेटे की खबर मिलते ही अनुपम की पत्नी और बेटी का रोते रोते हाल बुरा हो गया था। पड़ोस के लोगों का कहना था कि भावेश पढ़ने में तेज था।