राजकीय बालिका इंटर कालेज कालाढूंगी रोड में दो माह से पेयजल आपूर्ति बाधित है जिसके कारण विद्यालय में पढ़ने वाली करीब डेढ़ हजार छात्राएं पीने को पानी न मिलने से काफी परेशान हैं। विद्यालय प्रशासन ने जलसंस्थान से शिकायत की तो जलसंस्थान ने पेयजल लाइन से दूसरा कनेक्शन लेने का सुझाव दे दिया। जब विद्यालय प्रशासन ने कनेक्शन लेने के लिए पीडब्ल्यूडी से रोड कटिंग की परमीशन मांगी तो जवाब मिला कि रोड कटिंग की परमीशन तो डीएम ही देंगे। विद्यालय के लोग पेयजल आपूर्ति के लिए इधर से उधर कार्यालयों के चक्कर काट रहे मगर समस्या जस की तस है।
जानकारी के मुताबिक राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास जेल रोड पर दो माह पूर्व नई पेयजल लाइन डाली गई थी। पुरानी पेयजल लाइन बेकार होने के कारण अधिकांश पेयजल कनेक्शन नई लाइन से जोड़ दिए गए। इधर, पेयजल कनेक्शन पुरानी लाइन से बंद होने के कारण विद्यालय की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि पेयजल लाइन ठीक करवाने के लिए वह जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता से मिले थे तो उन्होंने कहा कि नई लाइन से कनेक्शन लेने से ही समस्या का समाधान होगा।
उन्होंने जब अधिशासी अभियंता से नई लाइन से कनेक्शन दिलाने का अनुरोध किया तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी से रोड कटिंग की परमीशन लेकर आने की बात बता दी । इसके बाद जब वह पीब्ल्यूडी कार्यालय में अभियंता टीएस पांडे से मिले तो उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि परमीशन तो अब डीएम साहब ही देंगे तथा यह कहकर टाल दिया। पेयजल समस्या का समाधान कैसे होगा, कोई नहीं बता रहा।
पेयजल समस्या का समाधान न होने से काफी परेशानी हो रही है। सुबह सात बजे से 10 बजे तक विद्यालय लगता है इसके बाद मूल्यांकन शुरू हो जाता है। मूल्यांकन में भी दो सौ से अधिक टीचर्स लगे हुए हैं। विद्यालय में पानी न आने की वजह से मध्याहृन भोजन बनाने में भी दिक्कत हो रही है।
- देवकी आर्या, प्रधानाचार्या, जीजीआईसी हल्द्वानी