हरियाणा पुलिस के छापा मारने पर आजाद नगर से अंतरराज्यीय वाहन चोर गुड्डू वारसी उर्फ नवाब भाग निकला। आरोप है कि उसने हरियाणा पुलिस के डीजी के रिश्तेदार की गाड़ी चुरायी थी। पुलिस ने गाड़ी को दिल्ली से बरामद कर लिया है। कुछ दिन पहले ही वह मर्डर के मामले में तिहाड़ जेल से छूटा है।
हरियाणा के पंचकुला थाने के दरोगा सुरजीत सिंह के नेतृत्व में आई पुलिस टीम ने आजाद नगर में गुड्डू वारसी उर्फ नवाब के घर पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वह फरार हो गया। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने गुड्डू के पिता से कालाढूंगी चौराहा स्थित दुकान में पूछताछ की। हरियाणा के दरोगा ने कोतवाल आर एस मेहता और एसओजी प्रभारी दिनेश चंद्र पंत को भी गुड्डू की गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गुड्डू गैंग महंगी गाड़ियां चुराकर मेरठ से कागजात बनाता है।
हरियाणा पुलिस ने बताया कि यह गैंग सिर्फ ऑडी, बीएमडब्लू सहित 15 लाख से अधिक कीमत की कारों को चुराता है। सहारनपुर के ट्रिपल मर्डर केस में भी वह आरोपी है। हरियाणा पुलिस इसी केस के एक अभियुक्त राहुल को भी लेकर आई थी। वर्तमान में गुड्डू का परिवार सितारगंज में रहता है। उसका रिश्तेदार भी सितारगंज का जनप्रतिनिधि है। कोतवाली से आपराधिक रिकार्ड लेने के बाद हरियाणा पुलिस चली गई।