हल्द्वानी। रानीबाग में गड्ढे, धूल और कीचड़ से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को निजात मिल जाएगी। एनएच ने बार-बार उधड़ने वाली सड़क का स्थायी ट्रीटमेंट शुरू कर दिया है। इस बार वहां गड्ढों को भरने के लिए डामरीकरण करने के बजाय सड़क पर इंटरलॉक टायल लगाई जा रही है।
बता दें कि रानीबाग में काठगोदाम-नैनीताल सड़क का एक बड़ा हिस्सा हर साल बरसात में उधड़ जाता है। बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते हैं। इस बार की बरसात में भी ऐसा ही हुआ। विभाग ने गड्ढों को पाटने के लिए मिट्टी डाली तो मौके पर इस कदर धूल उड़ने लगी कि सड़क किनारे रहने वाले लोगों को सुबह से शाम तक दरवाजे खिड़कियां बंद करने पड़े। पानी का छिड़काव किया गया तो सड़क पर कीचड़ हो गया। पिछले दिनों अमर उजाला ने खराब सड़क के कारण लोगों को हो रही दिक्कतों के संबंध में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। अब एनएच सड़क में इंटरलॉक टायल लगाने का काम शुरू कर दिया है।
रानीबाग में एनएच के लगभग 250 मीटर के पैच में इंटरलॉक टायल लगवाई जा रही है। इस काम को हफ्ते भर के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दिन में वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण इस कार्य को रात में कराया जा रहा है। इंटरलॉक टायल लगने के बाद रानीबाग में सड़क संबंधी दिक्कत का स्थाई समाधान हो जाएगा।
- महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता एनएच